मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 अवैध हथियार, नकदी, मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल वाहन बरामद करने का दावा किया है।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश शर्मा के नेतृत्व में रामलीला टिल्ला चौकी प्रभारी गोविंद चौधरी और पुलिस टीम ने न्याजूपुरा-चरथावल रोड स्थित काली नदी पुल के पास कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से चार .32 बोर की पिस्टल, छह .315 बोर के तमंचे और एक 12 बोर का तमंचा बरामद हुआ।
इसके अलावा पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल फ्रॉन्क्स कार, स्प्लेंडर बाइक, चार हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई से जुड़े थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हथियारों की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के लिए पूछताछ की जा रही है।









