मैनपुरी। थाना कुरावली क्षेत्र के ग्राम चंदई में 25 सितंबर को महिला की ओमनी कार से कुचलकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ओमनी कार भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, चंदई गांव में ओछा-लखौरा मार्ग पर महिला को जान से मारने की नीयत से ओमनी कार से टक्कर मारी गई थी, जिसमें उसकी मौत हो गई। मृतका के परिजनों की तहरीर पर थाना कुरावली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के लिए मिशन शक्ति टीम और थाना कुरावली समेत अन्य पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1 अक्टूबर की सुबह एनएच-34 रोड से ग्राम महादेवा की ओर जाने वाले मार्ग पर आरोपी अरविंद उर्फ कुंकू पुत्र प्रकाश कठेरिया, निवासी चंदई को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ओमनी कार संख्या UP 84 Z 9839 भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
रिपोर्ट: ब्रह्मेश कुमार









