महराजगंज। ठूठीबारी ग्राम सभा में गुरुवार को एक व्यापारी के गोदाम में अचानक कोबरा सांप निकलने से हड़कंप मच गया। गोदाम में काम कर रहे लोगों की नजर जैसे ही सांप पर पड़ी, वहां अफरा-तफरी मच गई। डर के कारण लोग गोदाम से बाहर निकल आए और इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी गई।
बताया गया कि अजय जायसवाल के गोदाम में सांप दिखाई देने के बाद वन विभाग को इसकी सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही वन रक्षक साहनी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने लोगों को गोदाम से दूर रहने की सलाह दी और सावधानीपूर्वक सांप को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे और रेस्क्यू अभियान को देखते नजर आए। सांप के सुरक्षित पकड़े जाने के बाद गोदाम में मौजूद लोगों और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।
वन विभाग की टीम के अनुसार, सांप को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की प्रक्रिया की जा रही है। अचानक गोदाम में कोबरा निकलने की घटना के बाद पूरे क्षेत्र में इसकी चर्चा होती रही।









