सरकारी प्राथमिक विद्यालय में चोरी, लाखों का सामान ले गए चोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फर्रुखाबाद। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के पितौरा गांव स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय में रात के समय अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोर विद्यालय की पीछे की खिड़की की जाली और दरवाजे के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए।

चोरों ने विद्यालय में रखे एलईडी उपकरण, सिलाई मशीन व स्टैंड, प्रेशर कुकर, स्पोर्ट्स किट, टीएलएम (शिक्षण सामग्री) समेत अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह विद्यालय पहुंची रसोइया ने दरवाजे के ताले टूटे और अलमारियां खुली देखीं। विद्यालय का सामान भी इधर-उधर बिखरा हुआ था। रसोइया ने तत्काल मामले की जानकारी प्रधानाध्यापिका को दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने विद्यालय का निरीक्षण कर घटनास्थल से जानकारी जुटाई और चोरी हुए सामान के संबंध में विद्यालय स्टाफ से पूछताछ की।

फिलहाल अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस जांच में जुटी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित सुरागों की भी तलाश कर रही है। चोरी हुए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन विद्यालय के अभिलेखों के आधार पर किया जा रहा है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]