महराजगंज। स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद महराजगंज की ओर से गुरुवार को बस स्टैंड परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का आयोजन “एक घंटा एक साथ” थीम के तहत किया गया। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित अभियान में नगर पालिका के सभासदों, कर्मचारियों और सफाई मित्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
अभियान के दौरान बस स्टैंड परिसर में साफ-सफाई की गई और जगह-जगह फैले कूड़े-कचरे को एकत्र कर उसका निस्तारण किया गया। इस दौरान लोगों को सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने और कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए भी जागरूक किया गया।
स्वच्छता अभियान में सभासद लालजी गुप्ता, सभासद सदरे आलम, सभासद शेषमणि, सभासद प्रतिनिधि अमितेश गुप्ता सहित नगर पालिका कार्यालय के समस्त कर्मचारी और सफाई मित्रों ने श्रमदान किया। सभी ने मिलकर परिसर की सफाई में योगदान दिया।
अभियान में स्थानीय सम्मानित नागरिकों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया और स्वच्छता अभियान में अपना सहयोग दिया। नगर पालिका की ओर से लोगों से अपील की गई कि शहर को साफ और सुंदर बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए और स्वच्छता को रोजमर्रा की आदत बनाए।









