बहराइच। सुजौली थाना क्षेत्र के टपरा बाजार में देर रात रिहायशी इलाके में तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। तेंदुए के आबादी क्षेत्र में घूमने की घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि रात के समय तेंदुआ अचानक आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गया। इसी दौरान कुत्तों के झुंड की नजर उस पर पड़ गई। कुत्तों ने भौंकते हुए तेंदुए का पीछा किया, जिसके शोर से आसपास के ग्रामीण भी जाग गए।
कुत्तों के खदेड़ने पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। राहत की बात यह रही कि तेंदुए ने किसी ग्रामीण पर हमला नहीं किया। हालांकि, रिहायशी इलाके में तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके। फिलहाल वन विभाग की निगरानी और तेंदुए की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है।
रिपोर्ट: अनिरुद्ध मिश्रा | बहराइच, उत्तर प्रदेश









