बाइक चोरी के मुकदमे के लिए थाने के चक्कर लगा रहा पीड़ित, 22 अगस्त की घटना के बाद भी कार्रवाई का इंतजार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के बहादुरी बाजार में 22 अगस्त को साप्ताहिक बाजार के दौरान बाइक चोरी होने के मामले में पीड़ित ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक, बाजार में बाइक खड़ी करने के बाद वह खरीदारी करने चला गया था। वापस लौटने पर बाइक गायब मिली। इसके बाद उसने तत्काल डायल 112 पर सूचना देने के साथ ही कोल्हुई थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

पीड़ित का आरोप है कि घटना को कई सप्ताह बीत जाने के बावजूद अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। उसका कहना है कि मामले की शिकायत लेकर वह पुलिस अधीक्षक से मिलने भी पहुंचा, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद उसने नौतनवा में आयोजित समाधान दिवस में भी अधिकारियों के सामने अपनी शिकायत रखी। पीड़ित के अनुसार, वहां उसे मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया गया, लेकिन इसके बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।

पीड़ित का कहना है कि मुकदमा दर्ज नहीं होने के कारण बाइक की बरामदगी के लिए पुलिस की कार्रवाई भी आगे नहीं बढ़ पा रही है। उसने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच कराकर मुकदमा दर्ज करने, बाइक की बरामदगी कराने और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का पक्ष: खबर प्रकाशित किए जाने तक संबंधित पुलिस अधिकारियों का आधिकारिक पक्ष उपलब्ध नहीं हो सका था। पुलिस का पक्ष मिलने पर उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]