महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में पुलिसकर्मियों में अनुशासन, शारीरिक दक्षता और कर्तव्य के प्रति सजगता बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन महराजगंज में साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। परेड का निरीक्षण क्षेत्राधिकारी निचलौल रविन्द्र सिंह ने किया।
परेड के दौरान क्षेत्राधिकारी ने पुलिसकर्मियों से ड्रिल का अभ्यास कराया और उनकी शारीरिक दक्षता एवं अनुशासन का जायजा लिया। उन्होंने परेड में शामिल पुलिसकर्मियों की वर्दी, टर्नआउट, साफ-सफाई तथा अनुशासन का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिन बिंदुओं पर सुधार की आवश्यकता पाई गई, उन्हें लेकर संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी रविन्द्र सिंह ने पुलिसकर्मियों को निर्धारित वर्दी में साफ-सुथरे और व्यवस्थित तरीके से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी विभाग की गरिमा और अनुशासन को बनाए रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ करें।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से फिट रहने तथा ड्यूटी के दौरान हर परिस्थिति का सामना करने के लिए सदैव तैयार रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही टीम भावना, आपसी समन्वय और अनुशासन को पुलिसिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए इसका पालन करने पर जोर दिया।
साप्ताहिक परेड के माध्यम से पुलिसकर्मियों में अनुशासन, शारीरिक क्षमता और कर्तव्य के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया गया।









