बिजनौर। नगीना थाना क्षेत्र में 14 माह के बच्चे की कथित खरीद-फरोख्त के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर 2026 को ताजुद्दीन निवासी भूरापुर ने थाने में तहरीर दी थी। आरोप है कि उसकी बहन शबनम ने अपने 14 माह के बेटे को पालन-पोषण के लिए नैनपुरा निवासी सफीकन और फरीद को दिया था। इसके बाद बच्चे को अन्य लोगों के साथ मिलकर बेचने का आरोप लगाया गया।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने बच्चे की तलाश और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। विवेचना के दौरान पुलिस ने जितेंद्र कुमार उर्फ विक्की, कपिल उर्फ राजवीर, फरमान, सफीकन, शबनम और हरिद्वार निवासी सलोचना को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बच्चे को पहले करीब 2 लाख रुपये में लिए जाने और बाद में 5 लाख रुपये में दूसरे दंपति को दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस का दावा है कि दंपति की कोई संतान नहीं थी और वे बच्चे को गोद लेने की तलाश में थे।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में रुपयों के बंटवारे और अस्पतालों में लेनदेन से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है। मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
रिपोर्ट — मोहम्मद रहमान, बिजनौर









