महराजगंज। एक तरफ सरकार गांव-गांव तक पक्की सड़क और बेहतर जल निकासी व्यवस्था पहुंचाने के दावे कर रही है, वहीं विकासखंड परतावल की ग्राम पंचायत तरकुलवा तिवारी का केवटान टोला आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझ रहा है। करीब 25 घरों और लगभग 200 की आबादी वाले इस टोले को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाला करीब 100 मीटर का आम रास्ता अब तक नहीं बन पाया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार मांग के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
केवटान टोले के लोगों के लिए मुख्य सड़क तक पहुंचने का कोई पक्का या सरकारी रास्ता नहीं है। ग्रामीण खेतों की पगडंडी के सहारे किसी तरह मुख्य मार्ग तक पहुंचते हैं। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। टोले के आसपास जलजमाव होने से कच्चा रास्ता घुटने भर पानी और कीचड़ में डूब जाता है।
ग्रामीणों के मुताबिक, स्कूली बच्चों को भी पानी और कीचड़ से होकर स्कूल जाना पड़ता है। वहीं किसी के बीमार पड़ने पर एंबुलेंस के टोले तक पहुंचने में परेशानी होती है। कई बार मरीज को चारपाई पर रखकर पानी और कीचड़ से होकर मुख्य मार्ग तक ले जाना पड़ता है।
गांव के सनोज साहनी, कमल, मुराली, लालबचन, सूरज, वंदना देवी, इंद्रावती देवी, तेतरा देवी और पुनीता देवी समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि रास्ते के निर्माण को लेकर ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि, क्षेत्र पंचायत और अन्य जनप्रतिनिधियों से कई बार लिखित एवं मौखिक मांग की गई। ग्रामीणों के अनुसार हर बार जमीन उपलब्ध न होने की बात कहकर मामला टाल दिया जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब 100 मीटर रास्ते के अभाव में पूरी बस्ती को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से भूमि चिन्हित कर जल्द रास्ते का निर्माण कराने की मांग की है।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी परतावल कृष्णकांत शुक्ला ने बताया कि समस्या का स्थलीय निरीक्षण कराया जाएगा। आम रास्ते के लिए भूमि चिन्हित कर उसे कार्य प्रस्ताव में शामिल करते हुए शीघ्र समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।









