तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने के खिलाफ हिंदू रक्षा दल ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नौतनवा, महराजगंज। नगर पालिका क्षेत्र और आसपास के ग्रामीण इलाकों में निर्धारित मानकों से अधिक तेज आवाज में लाउडस्पीकर एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल को लेकर हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारियों ने एसडीएम नौतनवा कुणाल को ज्ञापन सौंपा। पदाधिकारियों ने ध्वनि प्रदूषण की समस्या का हवाला देते हुए प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

हिंदू रक्षा दल के विधानसभा अध्यक्ष सत्यम सोनी ने कहा कि नौतनवा क्षेत्र में कई स्थानों पर धार्मिक स्थलों पर निर्धारित मानकों से अधिक तेज आवाज में लाउडस्पीकर और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। तेज ध्वनि के कारण विद्यार्थियों, बुजुर्गों, मरीजों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने प्रशासन से मांग की कि धार्मिक स्थलों पर लगाए गए ध्वनि विस्तारक यंत्रों की जांच कराई जाए। साथ ही निर्धारित ध्वनि सीमा और लागू नियमों के अनुरूप ही इनके संचालन को सुनिश्चित कराया जाए। पदाधिकारियों ने विशेष रूप से रात्रि के समय ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल से संबंधित नियमों का पालन कराने की मांग की।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी भी धार्मिक गतिविधि को प्रभावित करना नहीं है। उनकी मांग सभी धार्मिक स्थलों और नागरिकों के लिए समान रूप से ध्वनि प्रदूषण से संबंधित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की है। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में नियमों के पालन को लेकर आवश्यक निगरानी और कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान हिंदू रक्षा दल के नगर अध्यक्ष अभय जायसवाल, धर्मेंद्र यादव, देवेश साहनी, अंकित चतुर्वेदी, रिशु गुप्ता और नैतिक थापा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]