मैनपुरी। थाना औंछा क्षेत्र के नगला कन्हीं निवासी ब्रेसव सिंह पुत्र तेज सिंह ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कुछ लोगों पर अपने पिता को जबरन घर से ले जाकर बंधक बनाने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को उसके भाई सुदेश कुमार, महेश चंद्र, डालचंद, संजू तथा सुदेश का साला उसके पिता को चार पहिया वाहन में जबरन बैठाकर मैनपुरी ले गए। आरोप है कि सभी लोग उसके पिता को ग्राम मिश्रापुर, कन्नौज ले गए और वहां दो-तीन दिन रखने के बाद वापस मैनपुरी लाकर शैलू चौहान के घर के एक कमरे में बंद कर दिया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि कमरे में उसके पिता की रखवाली फौजी सुदेश और उसके साले द्वारा की जाती थी। आरोप है कि उनसे जमीन का बैनामा फौजी के नाम करने का दबाव बनाया गया और ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि बाद में सुदेश, संजू, डालचंद, महेश चंद्र और शैलू चौहान उसके पिता को गाड़ी में बैठाकर थाना औंछा ले गए। वहां कथित तौर पर दबाव बनाकर यह कहलवाया गया कि वे अपनी मर्जी से गए थे। शिकायतकर्ता के मुताबिक उसके पिता के हाथ-पैर में चोट के निशान भी थे।
शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना के बाद वह रातभर छिपकर रहा और अगले दिन मकान मालिक की मदद से पिता के पास पहुंचा। उसने एसपी से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तथा अपनी जान की सुरक्षा की मांग की है।









