महराजगंज। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को जागरूक करने तथा सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को थाना नौतनवा की CPU (कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट) टीम ने अड्डा बाजार स्थित सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम के दौरान CPU टीम ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों को शासन की ओर से जनहित और विद्यार्थियों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुरक्षा अभियानों की जानकारी दी। पुलिस टीम ने बच्चों को जागरूक करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में जागरूकता की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस दौरान सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन पर विशेष जोर दिया गया। छात्र-छात्राओं को वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग से बचने तथा यातायात संकेतों और सिग्नल का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीम ने बच्चों से कहा कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ ही अपने माता-पिता, परिजनों और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
CPU टीम ने आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न शासकीय हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही बच्चों को निडर होकर शिक्षा प्राप्त करने, अनुशासन बनाए रखने और किसी भी परेशानी की स्थिति में उचित माध्यम से सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस ने विद्यार्थियों में सुरक्षा, यातायात अनुशासन और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।









