नौतनवा में लोकल व्यापारियों की मालवाहक ट्रकों को जाम से अलग रास्ता देने की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नौतनवा। कस्बे के व्यापारियों के लिए किराना, कपड़ा, फॉर्च्यून व अन्य जरूरी सामान लेकर आने वाली मालवाहक ट्रकों को नेपाल जाने वाली ट्रकों की लंबी कतार से अलग कर कस्बे में प्रवेश की सुविधा देने की मांग उठी है। इस संबंध में भाजपा नेता एवं व्यापारी नेता जितेंद्र जायसवाल ने क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह को पत्र सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की है।

जितेंद्र जायसवाल ने बताया कि भारत से नेपाल के लिए विभिन्न प्रकार की सामग्री लेकर प्रतिदिन करीब 300 से अधिक ट्रक सीमा की ओर जाते हैं। नेपाल भंसार कस्टम में जगह की कमी तथा अन्य कारणों के चलते इन ट्रकों की लंबी कतार कई किलोमीटर तक एनएचएआई की सड़कों पर लगी रहती है। व्यवस्था के अनुसार धीरे-धीरे ट्रकों को सीमा की ओर भेजा जाता है, जिससे सार्वजनिक आवागमन को सुचारु रखने के लिए स्थानीय प्रशासन की ओर से व्यवस्था बनाई गई है।

उन्होंने बताया कि गोरखपुर सहित अन्य स्थानों से नौतनवा के स्थानीय व्यापारियों द्वारा सब्जी, किराना, फॉर्च्यून, कपड़े और अन्य सामान मंगाया जाता है। इन सामानों को लेकर आने वाली बड़ी और छोटी मालवाहक ट्रकें भी नेपाल जाने वाले ट्रकों की कतार में फंस जाती हैं। स्थानीय प्रशासन द्वारा इन वाहनों को जाम की लाइन से अलग होकर कस्बे में प्रवेश करने की अनुमति नहीं मिलने के कारण व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

व्यापारी नेता का कहना है कि नेपाल जाने वाले ट्रकों को कई-कई दिनों तक सड़क पर खड़ा रहना पड़ता है। इसी व्यवस्था में स्थानीय व्यापारियों का सामान लेकर आने वाली ट्रकें भी फंस जाती हैं, जिससे समय पर माल नहीं पहुंच पाता और व्यापार प्रभावित होता है।

उन्होंने क्षेत्राधिकारी से मांग की कि स्थानीय व्यापारियों के हित को ध्यान में रखते हुए ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे लोकल मालवाहक ट्रकों को नेपाल जाने वाली जाम लाइन से अलग कर कस्बे में प्रवेश की सुविधा मिल सके। इससे व्यापार प्रभावित नहीं होगा और आम लोगों को भी आवश्यक सामान की आपूर्ति सुचारु रूप से होती रहेगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]