कानपुर। विकास भवन में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और सरकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। डीएम ने अधिकारियों को लंबित मामलों का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आईजीआरएस की रैंकिंग में सुधार के लिए विभागों में डेडिकेटेड स्टाफ की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने जनशिकायतों और लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी कार्यालयों में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने को कहा, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
समाज कल्याण विभाग के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए समुचित बैठने की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही समय से कार्यालय पहुंचने, स्वच्छता बनाए रखने और महत्वपूर्ण अभिलेखों को सुरक्षित रखने पर भी जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान सीडीओ अभिनव जे. जैन समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: विपिन सागर, कानपुर
कैमरामैन/सहयोग: रवि कुशवाहा









