BUHS के मेडिकल छात्रों का प्रदर्शन, 9 सूत्री मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पटना। बिहार यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (BUHS) के मेडिकल छात्र अपनी नौ सूत्री मांगों को लेकर सड़क पर उतर आए। बड़ी संख्या में छात्र गांधी मैदान के गेट नंबर-10 पर एकत्र हुए और इसके बाद मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च शुरू किया। प्रदर्शन में बिहार के अलग-अलग हिस्सों से आए मेडिकल छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

छात्रों की प्रमुख मांग विश्वविद्यालय में स्थायी कुलपति की नियुक्ति को लेकर है। छात्रों का कहना है कि स्थायी कुलपति नहीं होने के कारण विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

छात्रों की मांगों में मेडिकल छात्रों के सत्र को नियमित करना, परीक्षा की कॉपियों की दोबारा जांच की व्यवस्था, परीक्षा और सप्लीमेंट्री परीक्षा समय पर कराना तथा नियमित शैक्षणिक कैलेंडर लागू करना शामिल है।

इसके अलावा INC, PCI और NMC के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने, छात्रों की समस्याओं के लिए हेल्प डेस्क शुरू करने, प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था बनाने और BUHS के छात्रों को स्टाइपेंड देने की मांग भी की गई है।

प्रदर्शन के दौरान पूर्णिया सांसद पप्पू यादव भी छात्रों के समर्थन में गांधी मैदान पहुंचे। छात्रों का कहना है कि उनकी मांगें केवल विश्वविद्यालय प्रशासन से जुड़ी नहीं हैं, बल्कि उनके भविष्य से भी संबंधित हैं।

अब छात्रों की इन नौ सूत्री मांगों पर सरकार और BUHS प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाया जाता है, इस पर सभी की नजर है।

रिपोर्ट: रमण कुमार, पटना

और पढ़ें

[the_ad id="164"]