कानपुर। फीलखाना थाना क्षेत्र में चांदी व्यापारी के घर हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। फीलखाना पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की निशानदेही पर करीब 24 किलो 348 ग्राम चांदी की 22 सिल्लियां बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार चांदी व्यापारी के घर से करीब 30 किलो चांदी और 75 हजार रुपये चोरी होने की सूचना मिली थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और ऑपरेशन त्रिनेत्र के कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध युवक पहले खाली बैग लेकर और बाद में भारी बैग के साथ जाता दिखाई दिया।
जांच के आधार पर पुलिस ने 26 वर्षीय सुधांशु अग्रवाल को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर कर्ज था और वह जुए-सट्टे में रकम हार चुका था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर नाना राव पार्क सहित अलग-अलग स्थानों से 24.348 किलो चांदी की 22 सिल्लियां बरामद करने का दावा किया है। मामले में बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









