फतेहपुर कलेक्ट्रेट में युवक ने डीजल डालकर आत्मदाह की कोशिश, मची अफरा-तफरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फतेहपुर। फतेहपुर कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने कथित तौर पर अपने ऊपर डीजल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने युवक को रोक लिया।

बताया जा रहा है कि धाता थाना क्षेत्र के भुरचुनी गांव निवासी ब्रजेश सोनकर अपने भाई की हत्या के मामले में कार्रवाई न होने से परेशान था। पीड़ित के मुताबिक वर्ष 2023 में गांव के ही कुछ लोगों ने उसके भाई की हत्या कर दी थी। आरोप है कि मामले में नामजद आरोपी उस पर सुलह करने का दबाव बना रहे हैं और धमकी भी दे रहे हैं।

ब्रजेश सोनकर ने एक डीलर पर भी कार देने के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि दोनों मामलों को लेकर उसने कई बार पुलिस और अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसी से आहत होकर उसने कलेक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह का प्रयास किया।

घटना सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित कलेक्ट्रेट परिसर की है। पुलिस ने युवक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। मामले में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]