महराजगंज। जनपद में कानून-व्यवस्था, जलस्तर और आमजन की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सोमवार को त्रिमुहानी घाट का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घाट की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने त्रिमुहानी घाट पर जलस्तर, तटबंधों की स्थिति तथा आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संभावित जलभराव एवं बढ़ते जलस्तर को देखते हुए मौके पर मौजूद प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
डीएम-एसपी ने कहा कि घाट एवं आसपास के क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत बनाए रखा जाए। संबंधित थाना पुलिस और प्रशासनिक कर्मचारियों को घाट के आसपास नियमित गश्त करने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जलस्तर और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्थानीय लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।









