उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत कार्यरत समूह सखियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर उपायुक्त स्वरोजगार, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन लखीमपुर-खीरी को ज्ञापन सौंपा है। समूह सखियों ने मानदेय बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने और सेवा को नियमित किए जाने समेत कुल सात मांगें उठाई हैं।
ज्ञापन में समूह सखियों ने बताया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में समूह सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने, बचत खाता खुलवाने, समूह की बचत जमा कराने, बैठकों का आयोजन, लोकॉस ऐप पर फीडिंग, फैमिली आईडी बनाने, केवाईसी कराने तथा अधिकारियों से प्राप्त निर्देशों का पालन करने सहित विभिन्न कार्य करती हैं।
इसके बावजूद उन्हें वर्तमान में करीब 2 हजार रुपये प्रतिमाह ही मानदेय मिल रहा है।समूह सखियों ने मांग की है कि उनका मानदेय 20 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए और उनकी सेवाओं को स्थायी/नियमित किया जाए। इसके अलावा लोकॉस ऐप पर कार्य करने के लिए टैबलेट व मोबाइल रिचार्ज उपलब्ध कराने, मानदेय सीधे उनके व्यक्तिगत खाते में भेजने, निःशुल्क बीमा देने, ड्रेस के लिए निर्धारित धनराशि उपलब्ध कराने तथा समूह सखियों को आईडी कार्ड जारी किए जाने की मांग की गई है।ज्ञापन पर लखीमपुर खीरी जिले के विभिन्न विकासखंडों की समूह सखियों के हस्ताक्षर हैं।
समूह सखियों ने अधिकारियों से उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर मांगों का समाधान कराने की अपील की है।









