बहराइच। जिले में पिछले दो दिनों से जारी तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में सिपाही समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं।

नगर कोतवाली में तैनात आरक्षी जयदीप यादव (22) की ड्यूटी से लौटते समय सड़क पर गिरे पेड़ से बाइक टकराने के बाद मौत हो गई। वहीं कैसरगंज क्षेत्र के देवलखा में कच्ची दीवार गिरने से ननकाई की मौत हो गई और उनकी बहन घायल हो गईं। नानपारा के भाटेहटा में दीवार गिरने से मिश्रीलाल (44) की मलबे में दबकर मौत हो गई।
फखरपुर/हरदी क्षेत्र में आंधी के दौरान दीवार और बिजली का खंभा गिरने से एक करीब 18-20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। वहीं कोतवाली देहात क्षेत्र में खेत देखने गए 55 वर्षीय किसान राजकुमार के ऊपर बिजली का खंभा गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसों की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य कराया। प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और आपात स्थिति में कंट्रोल रूम को सूचना देने की अपील की है।
रिपोर्ट: अनिरुद्ध मिश्रा, बहराइच









