महराजगंज। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने रविवार को नगर पालिका परिषद कार्यालय में कर्मचारियों के साथ बैठक कर बारिश के मौसम में उत्पन्न होने वाली समस्याओं और आम जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने नगर क्षेत्र की साफ-सफाई, जल निकासी और जलभराव की स्थिति की नियमित निगरानी करने पर विशेष जोर दिया।
अध्यक्ष ने कहा कि बारिश के दौरान नगर के विभिन्न हिस्सों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करते हुए जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर तत्काल पानी की निकासी सुनिश्चित करनी चाहिए। नालियों की नियमित सफाई और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु रखना भी प्राथमिकता में शामिल होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में कहीं भी जलभराव की सूचना मिलने पर संबंधित कर्मचारी मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करें, ताकि लोगों को आवागमन और दैनिक कार्यों में परेशानी न हो। इसके साथ ही बारिश के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
डॉ. पुष्पलता मंगल ने कर्मचारियों से कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान नगर पालिका परिषद की प्राथमिकता है। सभी कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करें। जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए।









