नौतनवा, महराजगंज। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौतनवा में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में पहुंचे दर्जनों मरीजों की चिकित्सकों ने स्वास्थ्य जांच की और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के साथ उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया।
महिला चिकित्सक रेशमा खातून ने बुखार, खांसी, सर्दी सहित विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों का परीक्षण किया। इसके साथ ही प्रसूति संबंधी समस्याओं से जुड़ी महिलाओं की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी गई। मेले में अलका, सरस्वती, प्रियंका देवी, राबिया खातून, अफसाना और चांदनी समेत कई मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों को बीमारी से बचाव के उपायों के बारे में भी जानकारी दी। मेले का उद्देश्य ग्रामीण और जरूरतमंद लोगों को उनके नजदीक ही स्वास्थ्य जांच, उपचार और परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम का संचालन फार्मासिस्ट सुरेंद्र दुबे ने किया। इस दौरान एनसीडी एलटी तरुण तिवारी, वार्ड बॉय दिलीप पांडेय, एएनएम आरती सिंह और स्टाफ नर्स निशा समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीजों की समस्याएं सुनकर उन्हें आवश्यक उपचार और चिकित्सकीय सलाह प्रदान की।









