कसया। सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ एवं विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को कुशीनगर में भव्य छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का शुभारंभ जनपद प्रभारी एवं कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने दीप प्रज्वलित और फीता काटकर किया। प्रदर्शनी में पिछले 25 वर्षों में बुनियादी ढांचे, सामाजिक सुरक्षा और सांस्कृतिक विकास के क्षेत्र में हुए कार्यों को छायाचित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने प्रभारी मंत्री को प्रदर्शनी में लगाए गए छायाचित्रों और विकास योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाए जा रहे लाभ और जनपद में हुए विकास कार्यों की रूपरेखा बताई।
अपने संबोधन में दारा सिंह चौहान ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ सरकार के 25 वर्षों के सेवाकाल और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का दस्तावेज है। उन्होंने प्रदेश और जनपद में विकास, पारदर्शी प्रशासन तथा जनकल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया।
इस दौरान कुशीनगर विधायक पंचानंद पाठक, फाजिलनगर विधायक सुरेंद्र सिंह कुशवाहा, हाटा विधायक मोहन वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय और नगर पालिका परिषद कुशीनगर के अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश जायसवाल मौजूद रहे।
संग्रहालय में प्राचीन विरासत से हुए रूबरू
विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर अतिथियों ने राजकीय बौद्ध संग्रहालय का भ्रमण किया। संग्रहालयाध्यक्ष डॉ. लोकरत्न शुक्ला ने प्राचीन पुरावशेषों, दुर्लभ मूर्तियों और उनके ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी।
कार्यक्रम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जी. अक्षय दीपक, जिला सूचना अधिकारी अशोक कुमार, उपायुक्त मनरेगा राकेश कुमार, परियोजना निदेशक पीयूष कुमार सिंह, तहसीलदार धर्मवीर सिंह, पर्यटन विभाग के प्राण रंजन और अभिनव पांडेय सहित संग्रहालय के कर्मचारी व बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।









