सिद्धार्थनगर। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. और पुलिस अधीक्षक ने राप्ती एवं बूढ़ी राप्ती नदी के तटों और बंधों का निरीक्षण कर मौजूदा स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बंधों की लगातार निगरानी की जाए और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।
लगातार बारिश के बीच प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि मौसम और नदियों की स्थिति को देखते हुए बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें और नदी व बंधों के आसपास जाने से बचें।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन हर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। किसी भी नागरिक को समस्या या आपातकालीन स्थिति का सामना करना पड़े तो तत्काल जिला प्रशासन को सूचना दें।
रिपोर्टर: प्रदीप शर्मा, सिद्धार्थनगर









