बुलंदशहर। जिले के छतारी थाना क्षेत्र में गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली की बस से टक्कर के बाद हुए विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी और सादी वर्दी में मौजूद लोग युवकों को लाठियों से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं।
आरोप है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार श्रद्धालुओं का बस चालक और कंडक्टर से विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों पर श्रद्धालुओं के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। वायरल वीडियो में कुछ युवकों की लाठियों से पिटाई होती नजर आ रही है। एक युवक, जिसके गले में गंगाजल की कांवड़नुमा पात्र दिखाई दे रहा है, उसके साथ भी मारपीट किए जाने का दावा किया जा रहा है।
आरोप यह भी है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में मौजूद महिलाओं को नीचे खींचा गया। हालांकि, वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार इस मामले में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। वायरल वीडियो करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई और वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना को लेकर जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।









