महराजगंज। साधन सहकारी समिति बेलभरिया के सचिव रजनीकांत मिश्रा पर गेहूं खरीद में कथित गड़बड़ी, धोखाधड़ी और किसान के भुगतान में हेराफेरी के गंभीर आरोप लगे हैं। ग्राम जगन्नाथपुर उर्फ जौरहर, थाना सिंदुरिया निवासी किसान श्रीपति पटेल ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, बकाया भुगतान दिलाने और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
किसान के अनुसार, 8 मई 2022 को उन्होंने साधन सहकारी समिति बेलभरिया पर 83 बोरी गेहूं की तौल कराई थी। उस समय समिति के सचिव रजनीकांत मिश्रा और चौकीदार रामानंद चौधरी मौजूद थे। आरोप है कि तौल के बाद सचिव ने सर्वर और मशीन में तकनीकी खराबी का हवाला देते हुए न तो बायोमैट्रिक फिंगरप्रिंट कराया और न ही आधिकारिक खरीद रसीद दी। सचिव ने सरकारी भुगतान आने के बाद रकम खाते में भेजने का आश्वासन दिया।
श्रीपति पटेल का आरोप है कि लंबे समय तक भुगतान नहीं मिलने पर उन्होंने सचिव से संपर्क किया। इसके बाद 23 जून 2022 को सचिव ने उनके घर पहुंचकर 20 हजार रुपये नकद दिए और शेष रकम बाद में देने की बात कही। बाद में बेटी की बीमारी के दौरान बकाया रकम मांगने पर कथित तौर पर दो हजार रुपये और दिए गए। किसान का दावा है कि सचिव द्वारा भुगतान संबंधी स्वीकारोक्ति का वीडियो और ऑडियो साक्ष्य भी उनके पास मौजूद है।
शिकायत में अन्य किसानों के साथ भी इसी तरह की गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है। किसान ने वर्ष 2022-23 के भौतिक स्टॉक रजिस्टर, उठान चालान और आवक-जावक अभिलेखों की विशेष प्रशासनिक ऑडिट कराने की मांग की है।
किसान ने कहा है कि सात कार्यदिवस के भीतर जांच कर 83 बोरी गेहूं का शेष भुगतान नहीं कराया गया तो वह कलेक्ट्रेट धरना स्थल पर शांतिपूर्ण भूख हड़ताल शुरू करेंगे। उन्होंने सिंदुरिया थाने में पूर्व में जनसुनवाई दर्ज कराने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का भी आरोप लगाया है।









