निर्माणाधीन कृषि विश्वविद्यालय में काम की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कसया। जिलाधिकारी संजय चौहान ने गुरुवार को निर्माणाधीन महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने एकेडमिक ब्लॉक, लाइब्रेरी, छात्रावास, कैंटीन समेत विभिन्न निर्माणाधीन भवनों का जायजा लेकर कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य लगातार चल रहा है और निर्धारित समयावधि में पूरा कर लिया जाएगा।

इस पर जिलाधिकारी ने श्रमशक्ति तत्काल बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने एकेडमिक ब्लॉक, लाइब्रेरी, छात्रावास और कैंटीन का काम प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने को कहा।

जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का प्रयोग किया जाए और निर्माण सामग्री की समय-समय पर मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला से जांच कराई जाए। साथ ही नियमित निगरानी और गुणवत्ता की सतत जांच सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में जल निकासी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। पूरे परिसर में समुचित नाली निर्माण कर जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के निर्देश दिए। कार्यदायी संस्था और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से नियमित समीक्षा कर समयसीमा में परिसर तैयार कराने को कहा।

निरीक्षण के दौरान वेन्सा कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर वेंटेश, सहायक अभियंता अखिलेश कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता संतोष मणि तिवारी, परामर्शी श्यामाचरण शुक्ला, तहसीलदार कसया, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कसया, जिला कृषि अधिकारी, उप कृषि निदेशक और मुख्य विकास अधिकारी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]