सहारनपुर में पुलिस ने स्मैक तस्करों पर शिकंजा कसा है। पुलिस ने 4 करोड़ 76 लाख की स्मैक के साथ 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए सभी तस्कर बरेली के रहने वाले है।
सहारनपुर के डीआईजी अभिषेक सिंह और एसएसपी अभिनन्दन आपरेशन सवेरा के तहत नशा कारोबारियों के खिलाफ एक्शन मोड़ में नजर आ रहे हैं। एसएसपी के निर्देश पर जिलेभर में नशाखोरी और नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है जिसके लिए अलग से एन्टी नारकोटिक्स सेल का गठन किया गया है।
इसी कड़ी में थाना नकुड़, एन्टी नारकोटिक्स सेल, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए स्मैक तस्करों के बड़े गिरोह का भंडफोड़ किया है। एसएसपी अभिनन्दन ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन स्मैक तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनके कब्जे से 2 किलो 380 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 4 करोड़ 76 लाख रुपये बताई जा रही है।
पकड़े गए स्मैक तस्करों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार सभी तस्कर बरेली के रहने वाले हैं जो वहां से स्मेक लाकर सहारनपुर के विभिन्न इलाकों में बेचते थे।
रिपोर्ट : काशिफ खान









