निर्माणाधीन जिला कारागार में 125 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को श्रम विभाग की ओर से चिकित्सा विभाग के सहयोग से निर्माणाधीन जिला कारागार, पडरौना में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में निर्माण कार्य में लगे करीब 125 श्रमिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

चिकित्सकों ने जांच के बाद जरूरत के अनुसार श्रमिकों को निःशुल्क औषधियां वितरित कीं और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि कुशीनगर सांसद विजय कुमार दूबे ने किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 14 श्रमिकों एवं उनके आश्रितों को कुल 7.15 लाख रुपये की सहायता राशि के स्वीकृति पत्र प्रदान किए।

श्रम विभाग के अनुसार लाभार्थियों को मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना, कन्या विवाह सहायता योजना, संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना तथा मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना के अंतर्गत लाभ प्रदान किया गया। स्वीकृति पत्र मिलने पर लाभार्थियों ने शासन की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति आभार जताया।

स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सा विभाग की टीम ने श्रमिकों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली और उन्हें आवश्यक सावधानियों के बारे में बताया। निर्माण स्थल पर कार्यरत श्रमिकों के लिए इस तरह के स्वास्थ्य परीक्षण शिविर को स्वास्थ्य सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया गया।

इस अवसर पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरडी कुशवाहा, चिकित्सा विभाग की टीम, श्रम विभाग के कर्मचारी, जिला कारागार निर्माण कार्यदायी संस्था के श्री शम्भू लाल धीरवानी सहित बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।

 

साजिद अंसारी पड़रौना

और पढ़ें

[the_ad id="164"]