महराजगंज। सामाजिक न्याय, समान अवसर और उचित प्रतिनिधित्व की मांग को लेकर आजाद समाज पार्टी कांशीराम और भीम आर्मी की ओर से 24 सितंबर को संपूर्ण भागीदारी आंदोलन के तहत प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़े वर्ग और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की मांग उठाई।
देशभर के जिला मुख्यालयों पर आयोजित आंदोलन के क्रम में महराजगंज में भी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। ज्ञापन में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने तथा दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षण के भीतर अलग कोटा सुनिश्चित करने की मांग की गई।

पार्टी ने शिक्षा और सरकारी सेवाओं में एससी, एसटी और ओबीसी की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ खाली आरक्षित पदों और बैकलॉग की शीघ्र भर्ती की मांग रखी। ओबीसी की जाति जनगणना के लिए अलग कॉलम, राजनीतिक प्रतिनिधित्व बढ़ाने और क्रीमी लेयर की आय सीमा की समीक्षा की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
इसके अलावा सरकारी ठेकों और खरीद में आरक्षण, निजी क्षेत्र में प्रतिनिधित्व, पदोन्नति में आरक्षण तथा छात्रावासों के निर्माण की मांग उठाई गई। कार्यकर्ताओं ने एससी-एसटी एक्ट के मामलों में मुआवजा राशि बढ़ाने, यूजीसी नियम-2026 पर लगी रोक हटाने और सरकारी सेवाओं में स्थायी नियुक्तियां सुनिश्चित करने की भी मांग की। आंदोलन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सामाजिक न्याय और समान भागीदारी से जुड़े मुद्दों पर सरकार से कार्रवाई की मांग की।









