मथुरा-वृंदावन। इस्कॉन मंदिर मार्ग स्थित हैरिटेज स्कूल के सामने शनिवार को अचानक एक विशालकाय पुराना नीम का पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क के बीचों-बीच गिर गया। पेड़ गिरते ही मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
गनीमत रही कि पेड़ की चपेट में कोई राहगीर या वाहन नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यह मार्ग श्रद्धालुओं के लिए भी महत्वपूर्ण है, जहां से बांके बिहारी मंदिर समेत अन्य धार्मिक स्थलों की ओर लोग आवागमन करते हैं।
स्थानीय निवासी रामचंद्र के अनुसार, नीम का पेड़ काफी पुराना और जर्जर अवस्था में था। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आरी व कटर की मदद से पेड़ को काटकर सड़क से हटाया। इसके बाद मार्ग पर यातायात सुचारु हो सका।
स्थानीय लोगों ने जर्जर और पुराने पेड़ों की समय रहते जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से होने वाले संभावित हादसों को रोका जा सके।
संवाददाता—वेद प्रकाश सारस्वत









