बुलंदशहर। शिकारपुर कोतवाली क्षेत्र में शिकारपुर-पहासू मार्ग पर नवादा गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बोलेरो सवार चालक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही शिकारपुर कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
वहीं, हादसे में घायल बोलेरो चालक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। शिकारपुर कोतवाली पुलिस दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच पड़ताल कर रही है।









