महराजगंज। वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहतपुरन्दरपुर पुलिसने ट्रांसफार्मर प्लेट चोरी के मामले में एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई 74 अदद ट्रांसफार्मर प्लेट बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, मनिकौरा प्रेशर सिंचाई प्रणाली पर स्थापित बिजली ट्रांसफार्मर से ट्रांसफार्मर प्लेट चोरी होने के संबंध में सिंचाई विभाग के अवर अभियंता मुकेश कुमार शुक्ला की तहरीर पर थाना पुरन्दरपुर में मुकदमा संख्या 224/2026 दर्ज किया गया था। मामले में धारा 303(2), 324(3), 317(2) बीएनएस एवं धारा 136(1) विद्युत अधिनियम 2003 के तहत कार्रवाई की गई थी।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना पुरन्दरपुर पुलिस टीम ने 23 सितंबर 2026 को मनिकौरा के पास से मुकदमे से संबंधित अभियुक्त डोलई साहनी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की 74 ट्रांसफार्मर प्लेट बरामद की गईं।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।









