महिला एवं बाल अधिकारों को लेकर छात्र-छात्राओं को किया जागरूक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। शासन की मंशा के अनुरूप जिलाधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश पर बुधवार को विकासखंड विशुनपुरा के अंतर्गत मुसहर बस्ती स्थित विवेकानंद विद्यालय में महिला एवं बाल अधिकारों तथा शासकीय योजनाओं को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन, कुशीनगर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डिस्ट्रीक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह ने की। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। नलिन सिंह ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, आयुष्मान गोल्डन कार्ड और वृद्धावस्था पेंशन सहित अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।

उन्होंने पात्र लोगों से योजनाओं का लाभ लेने तथा जरूरतमंदों तक इसकी जानकारी पहुंचाने की अपील की। इस दौरान विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता के बारे में भी छात्र-छात्राओं को जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर हेल्पलाइन 181, महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस हेल्पलाइन 112 तथा एंबुलेंस सेवा 108 और 102 का उपयोग किया जा सकता है।जेण्डर स्पेशलिस्ट वंदना कुशवाहा ने बाल विवाह और दहेज प्रथा पर विस्तार से चर्चा करते हुए इनके सामाजिक एवं व्यक्तिगत दुष्प्रभावों के बारे में छात्र-छात्राओं को जागरूक किया।

उन्होंने बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने में बच्चों और समाज की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
वहीं सामाजिक कार्यकर्ता रामवृक्ष गिरि ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली और बाल अधिकारों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए जरूरत पड़ने पर उपलब्ध विधिक सहायता का लाभ लेने की जानकारी दी।कार्यक्रम के समापन पर विभागीय योजनाओं एवं हेल्पलाइन नंबरों से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए।

साथ ही पात्र लाभार्थियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को बाल विवाह नहीं करने और इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने की शपथ भी दिलाई गई।
छात्र-छात्राओं को बताया गया कि यदि कहीं बाल विवाह की जानकारी मिलती है तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 अथवा पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी जा सकती है। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक अजय शर्मा, अजय गुप्ता, ब्यूटी भारती, मधु साहा, अंशु चौधरी, सहनाज खातून, गुड्डी भारती, मधु गुप्ता एवं अंजली शर्मा सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

 

साजिद अंसारी पड़रौना

और पढ़ें

[the_ad id="164"]