कानपुर पुलिस का शहरवासियों को तोहफा, ₹24 लाख के 121 खोए मोबाइल बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कानपुर। कमिश्नरेट कानपुर नगर पुलिस ने नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए करीब 24 लाख रुपये कीमत के 121 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल खोने वाले लोगों के चेहरे पर खुशी लौट आई।

पुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन एवं पूर्वी जोन के अधिकारियों के नेतृत्व में सर्विलांस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विभिन्न जनपदों के साथ-साथ अंतरराज्यीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए इन मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया।

पूर्वी जोन की सर्विलांस टीम ने मोबाइल गुम होने से संबंधित प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर कार्रवाई करते हुए तकनीकी सूचनाओं का विश्लेषण किया। भौतिक जांच और लगातार किए गए प्रयासों के बाद टीम को अलग-अलग जिलों एवं राज्यों से 121 स्मार्टफोन बरामद करने में सफलता मिली।

मोबाइल फोन वापस मिलने पर नागरिकों ने पुलिस टीम का आभार जताते हुए उसकी कार्यशैली की सराहना की। पुलिस के मुताबिक खोए मोबाइल की बरामदगी से लोगों को आर्थिक नुकसान से राहत मिलने के साथ ही उनके निजी डेटा के दुरुपयोग की आशंका को भी कम करने में मदद मिली है।

डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में नागरिक घबराएं नहीं और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें। मोबाइल की शिकायत UPCOP ऐप तथा भारत सरकार के CEIR पोर्टल पर दर्ज कराई जा सकती है। इसके अलावा नजदीकी थाने के साइबर हेल्प डेस्क या सर्विलांस सेल में भी प्रार्थना पत्र देकर सूचना दी जा सकती है।

बाइट : डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता

और पढ़ें

[the_ad id="164"]