महराजगंज। विकासखंड एवं तहसील सदर अंतर्गत ग्राम पंचायत बागापार के लक्ष्मीपुर टोले में जर्जर सड़क और नाली निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को पत्र सौंपा। ग्रामीणों की ओर से उमेश चंद्र मिश्र ने समस्या से अवगत कराते हुए सड़क और नाली निर्माण कराने की मांग की।
पत्र में बताया गया कि लक्ष्मीपुर टोले में करीब 30 वर्ष पूर्व खड़ंजा कराया गया था। लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण ग्रामीणों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से संक्रामक एवं मच्छरजनित बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है। उन्होंने जनहित में लक्ष्मीपुर टोले में सड़क के साथ नाली निर्माण कराने की मांग की।
इस संबंध में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को मामले की जांच कराने तथा आवश्यकतानुसार सड़क की मरम्मत कराए जाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर रविंद्र जैन, विजय कुमार वर्मा, महेंद्र कुमार, रणविजय चौधरी, कमालुद्दीन खान, दिवाकर वर्मा, दिलीप वर्मा, राम अवतार, कमलावती, संगीता, इस्रावती, गीता तथा तमाम लोग उपस्थित रहे,









