महराजगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण एवं राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बृजमनगंज ब्लॉक प्रांगण में ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक फरेंदा बजरंग बहादुर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। नगर पंचायत बृजमनगंज के नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल विशिष्ट अतिथि रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और राष्ट्रसेवा को प्राथमिकता दी है। इसी भावना के साथ सेवा सेतु अभियान के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य एक ही स्थान पर लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि गांव-गांव ऐसे पात्र परिवारों और नागरिकों को चिन्हित किया जाए, जो अभी तक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से छूटना नहीं चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए। मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और सुविधाओं का लाभ लिया।
नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के संकल्प के अनुरूप सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और सुशासन को मजबूत करने की दिशा में ऐसे अभियान महत्वपूर्ण हैं।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख उदय राज, भाजपा जिला महामंत्री मधु सिंह, एडीओ पंचायत गुलाब पाठक, बाबू शीतलाल गुप्ता, प्रदीप मणि सहित ब्लॉक के अधिकारी-कर्मचारी, आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।









