जमीनी विवाद में मारपीट और जेवर छीनने का आरोप, पीड़िता ने डीएम को सौंपा पत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के कमता बुजुर्ग गांव निवासी रिंकी चौहान पत्नी वकील चौहान ने जमीनी विवाद को लेकर मारपीट, जेवर छीनने और पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को प्रार्थना पत्र सौंपा है। पीड़िता ने मामले में मुकदमा दर्ज कराकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है।

दिए गए पत्र के अनुसार, घटना 8 सितंबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे की है। जमीन संबंधी विवाद को लेकर गांव में पंचायत बुलाई गई थी। आरोप है कि पंचायत शुरू होने से पहले ही ससुर सुदामा, जेठ रामरतन, जेठानी ममता और गौरव उर्फ झीनक ने एकराय होकर रिंकी की जेठानी किरन पत्नी कपिलदेव चौहान के साथ मारपीट शुरू कर दी। किरन को बचाने पहुंची रिंकी के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।

प्रार्थना पत्र में बताया गया कि किरन की बेटियां सपना और अर्पिता बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। रिंकी का आरोप है कि इस दौरान उसका मंगलसूत्र और कान की बाली जबरन छीन ली गई, जिससे कान में चोट आई। वहीं किरन के भी मंगलसूत्र और कान की बाली छीनने का आरोप लगाया गया है। मारपीट में किरन को गंभीर चोटें आने की बात कही गई है।

पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद 112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। 8 सितंबर को थाना पनियरा में शिकायत देने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। आरोप है कि 14 सितंबर को स्थानीय पुलिस ने दबाव में सुलहनामा करा दिया और 21 सितंबर को उल्टे प्रार्थिनी पक्ष के लोगों का चालान कर दिया।

रिंकी ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर थाना पनियरा पुलिस को मुकदमा दर्ज करने एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है। जिलाधिकारी ने पीड़िता से कहा कि यह मारपीट का मामला है आप पुलिस अधीक्षक के शक्ति मोहन अवस्थी से पुलिस कार्यालय में जाकर मुलाकात करें मुकदमा उनके ही आदेशों पर दर्ज होगा

और पढ़ें

[the_ad id="164"]