बछरावां में तेज रफ्तार बाइक ऑटो से टकराई, तीन घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रायबरेली। बछरावां थाना क्षेत्र में लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर चुरूवा चौराहे के पास बुधवार को तेज रफ्तार बाइक आगे चल रहे ऑटो से पीछे से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, तीनों बाइक सवार लखनऊ से बछरावां की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक चुरूवा चौराहे के पास पहुंची, इसी दौरान तेज रफ्तार होने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ऑटो से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। सूचना मिलते ही एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बछरावां ले जाया गया।

सीएचसी में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। घायलों की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया। तीसरे घायल का उपचार सीएचसी में किया गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

रिपोर्ट: मनीष अवस्थी

और पढ़ें

[the_ad id="164"]