सियार ने खेत में काम कर रही महिला पर किया हमला, दो पालतू कुत्तों ने भिड़कर बचाई जान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बहराइच। दरगाह थाना क्षेत्र के असरौरा गांव में खेत में काम कर रही एक महिला पर अचानक सियार ने हमला कर दिया। सियार के हमले में महिला घायल हो गई। इसी दौरान महिला के दो पालतू कुत्ते मौके पर पहुंच गए और सियार से भिड़ गए। दोनों कुत्तों ने सियार को मारकर अपनी मालकिन को बचा लिया।

जानकारी के मुताबिक असरौरा निवासी सालिया (50) पत्नी सिकंदर अहमद खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक एक सियार ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें नोचने लगा। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।

हमले के दौरान महिला ने हिम्मत दिखाते हुए सियार को पकड़ लिया। इसी बीच उनके दो पालतू कुत्ते मौके पर पहुंच गए और सियार पर टूट पड़े। दोनों कुत्तों ने सियार को घेरकर उस पर हमला कर दिया। कुत्तों के हमले में सियार की मौत हो गई, जिससे महिला उसकी पकड़ से बच सकीं।

घटना के बाद परिजन घायल महिला को तत्काल मेडिकल कॉलेज बहराइच लेकर पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

घटना के बाद गांव में दोनों पालतू कुत्तों की बहादुरी चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि कुत्ते समय पर मौके पर नहीं पहुंचते तो महिला के साथ बड़ी अनहोनी हो सकती थी। फिलहाल घटना के बाद ग्रामीणों में सियार के हमले को लेकर चिंता भी बनी हुई है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]