जमुई। बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से कथित छेड़छाड़ और मारपीट के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी नंदन यादव के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी हरेराम यादव के पैर में चोट आने की सूचना है। दोनों को पुलिस अभिरक्षा में जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस कार्रवाई की पुष्टि बिहार के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने भी की है।
मामला 19 सितंबर की शाम का है। पुलिस के अनुसार, कोचिंग से लौट रहे दो नाबालिग छात्र-छात्राओं को जमुई सदर थाना क्षेत्र के मड़वा पहाड़ी के पास एक समूह ने कथित तौर पर रोककर उनके साथ बदसलूकी और मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया और एसआईटी गठित की। शुरुआती कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
मंगलवार को पुलिस टीम मुख्य आरोपी नंदन यादव को लेकर घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने पहुंची थी। इसी दौरान उसके भागने के प्रयास के दौरान पुलिस से मुठभेड़ हुई, जिसमें उसके पैर में गोली लगी।
हरेराम यादव के भी घायल होने की सूचना है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले वीडियो के प्रसार को लेकर भी कार्रवाई शुरू की है।
रिपोर्ट—रमण कुमार, पटना









