बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन के लिए जिले में 14 मतदेय स्थल तय

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शाहजहांपुर बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर जिले में मतदेय स्थलों का निर्धारण कर दिया गया है। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में बताया गया कि जिले में पूर्व निर्धारित 10 के स्थान पर अब 14 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। 21 सितंबर तक जिले में कुल 4,794 मतदाता पंजीकृत हैं।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से कहा कि निर्धारित मतदेय स्थलों को लेकर यदि कोई सुझाव या आपत्ति शेष है तो उसे 23 सितंबर को पूर्वाह्न 11 बजे तक जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध करा दें। प्राप्त सुझावों और आपत्तियों के बाद प्रस्ताव 24 सितंबर को आयुक्त, बरेली मंडल को भेजा जाएगा।

182 ईवीएम में होगा मॉकपोल

बैठक में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के मद्देनजर ईवीएम की एफएलसी के बाद होने वाली मॉकपोल प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि जिले में कुल 3,644 कंट्रोल यूनिट को एफएलसी-ओके के रूप में चिह्नित किया जा रहा है। इनमें से पांच प्रतिशत यानी 182 मशीनों में मॉकपोल कराया जाएगा।

निर्धारित प्रक्रिया के तहत 36 मशीनों में 1,200 वोट, 73 मशीनों में 1,000 वोट और 73 मशीनों में 500 वोट का मॉकपोल कराया जाएगा। मशीनों का चयन राजनीतिक दलों द्वारा रैंडम आधार पर किया जा सकेगा। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि पूरी प्रक्रिया में उपस्थित रहकर इसका अवलोकन भी कर सकेंगे।

इसके अलावा चयनित 36 मशीनों में 04 बीयू, 01 सीयू और 01 वीवीपैट जोड़कर 64 वोट का लोड टेस्ट किया जाएगा। वीवीपैट से निकलने वाली पर्चियों की गणना का सीयू काउंट से मिलान भी किया जाएगा।

23 सितंबर को सुबह नौ बजे से डीएम कंपाउंड स्थित ईवीएम वेयरहाउस में मॉकपोल प्रक्रिया शुरू होगी। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपने अधिकृत प्रतिनिधियों को भेजकर प्रक्रिया का अवलोकन करने की अपील की।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]