निचलौल। महराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र के कोहड़वल गांव के सिसवाडीह टोले से मंगलवार की सुबह एक बेहद दुखद घटना सामने आई। यहां करीब 40 वर्षीय इंदल भारती का शव घर के बरामदे में सीढ़ी के पास निकली लोहे की छड़ से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह इंदल भारती की पत्नी सुनीता जब कमरे से बाहर निकलीं तो सीढ़ी के पास उनका शव फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखते ही वह घबरा गईं और शोर मचाने लगीं। देखते ही देखते परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है।
सूचना मिलने पर निचलौल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।
परिजनों के अनुसार इंदल भारती घर-परिवार का खर्च चलाने के लिए गारा-माटी और मजदूरी का काम करते थे। हालांकि रात में किन परिस्थितियों में उन्होंने यह कदम उठाया, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
इंदल भारती की पत्नी सुनीता, उम्र करीब 38 वर्ष, का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके चार बच्चे हैं। बड़ा बेटा सर्वेश, उम्र करीब 20 वर्ष, रोजी-रोटी कमाने के लिए बाहर गया हुआ है। इसके बाद बेटी आरती, उम्र करीब 18 वर्ष, बेटी आकृति भारती, उम्र करीब 16 वर्ष और सबसे छोटा बेटा देवराज, उम्र करीब 13 वर्ष है।
घटना के बाद मां सुनीता समेत आरती, आकृति और देवराज का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने अचानक आई इस त्रासदी से हर कोई सदमे में है। वहीं पुलिस की कार्रवाई और जांच के बाद ही घटना की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।









