खुले में मांस-मछली की बिक्री पर कार्रवाई की मांग, संयुक्त मजिस्ट्रेट से मिले नागरिक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कसया। नगर और आसपास के बाजारों में खुले में संचालित हो रही मांस-मछली की दुकानों से स्वच्छता संबंधी समस्याओं को लेकर जागरूक नागरिकों ने सोमवार को संयुक्त मजिस्ट्रेट अक्षय दीपक से मुलाकात की। पंडित साकेत मिश्रा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने नियमों के विपरीत संचालित दुकानों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कसया नगर के अलावा आसपास के छोटे बाजारों में भी कई स्थानों पर खुले में मांस-मछली की बिक्री हो रही है। दुकानों पर स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने के साथ मांस-मछली के अवशेष इधर-उधर फेंके जाने से दुर्गंध, गंदगी और मक्खियों की समस्या बनी रहती है।

नागरिकों ने स्पष्ट किया कि उन्हें मांस-मछली की बिक्री से आपत्ति नहीं है, लेकिन दुकानों का संचालन निर्धारित नियमों और स्वच्छता मानकों के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने दुकानों को ढककर संचालित कराने, निर्धारित स्थान की व्यवस्था करने तथा संबंधित दुकानदारों के लाइसेंस और खाद्य सुरक्षा संबंधी अनुमतियों की जांच कराने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर नगर क्षेत्र एवं आसपास के बाजारों में जांच अभियान चलाने का आग्रह किया। नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की मांग की गई।
इस दौरान तेज प्रकाश उपाध्याय, आनंद मिश्रा, रोहित तिवारी, विजय शर्मा, अजीत प्रताप राव, अभिनव शर्मा, दिनेश तिवारी, सनी बरनवाल, अनुपम पाठक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]