*प्रस्तावित 15 मतदेय स्थलों पर राजनीतिक दलों ने जताई सहमति*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई।

बैठक में जनपद में प्रस्तावित 15 मतदेय स्थलों के संबंध में प्रतिनिधियों को जानकारी दी गई। बताया गया कि प्रस्तावित 15 मतदेय स्थलों में 14 विकासखंड कार्यालयों तथा एक मतदेय स्थल नगर पालिका परिषद पडरौना कार्यालय में बनाया जाना प्रस्तावित है।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रस्तावित मतदेय स्थलों के संबंध में सुझाव और आपत्तियां मांगीं। प्रतिनिधियों ने किसी प्रकार की आपत्ति दर्ज नहीं कराई और पूर्व निर्धारित मतदेय स्थलों को उपयुक्त बताते हुए सहमति व्यक्त की।

बैठक में भाजपा के केशव उपाध्याय, कांग्रेस के धीरज कुमार गोड़, अपना दल (एस) के राकेश कुमार पटेल, समाजवादी पार्टी के राम अवध यादव, कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के अयोध्यालाल श्रीवास्तव, बहुजन समाज पार्टी के सुवाष भारकर और आम आदमी पार्टी के नूरूल हुड्डा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में सभी प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यवाही का समापन किया गया।

 

साजिद अंसारी पड़रौना

और पढ़ें

[the_ad id="164"]