बहराइच। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग से सटे ग्रामीण इलाकों में वन्यजीवों की आमद से लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। सुजौली थाना क्षेत्र के मटेही गांव में रविवार रात एक तेंदुआ रिहायशी इलाके में चहलकदमी करता दिखाई दिया। तेंदुए की गतिविधि गांव निवासी किसान मलकीत सिंह के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
सीसीटीवी फुटेज में तेंदुआ गांव के खड़ंजे पर बेखौफ अंदाज में चलता हुआ दिखाई दे रहा है। कुछ देर तक गांव की सड़कों पर चहलकदमी करने के बाद तेंदुआ जंगल की ओर चला गया। तेंदुए को रिहायशी इलाके में घूमते देख ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग से सटा होने के कारण अक्सर जंगली जानवर आबादी वाले इलाकों में पहुंच जाते हैं। रात के समय तेंदुए की मौजूदगी से लोगों को बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में निगरानी बढ़ाने के साथ ही तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। साथ ही लोगों ने रात के समय घरों से बाहर निकलने में सावधानी बरतने की अपील की है। वन विभाग की टीम से तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की जा रही है, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।









