एटा। राष्ट्रीय पत्रकार सहायता संघ ने प्रदेश के प्रत्येक जनपद में स्थायी प्रेस क्लब और स्थायी प्रेस कॉलोनी की स्थापना की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन एटा कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों की मौजूदगी में दिया गया।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगवती प्रसाद उर्फ बबलू चक्रवर्ती ने बताया कि पत्रकारों की सुविधाओं और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के सभी जनपदों में स्थायी प्रेस क्लब और प्रेस कॉलोनी की स्थापना उनकी प्रमुख मांगों में शामिल है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को बेहतर कार्य वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इन मांगों पर शासन स्तर से गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांगों से अवगत कराया गया है। संगठन ने मांगों पर जल्द कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बबलू चक्रवर्ती ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन के पदाधिकारी और सदस्य प्रदेश के विभिन्न जनपदों में संगठित होकर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन से जुड़े पदाधिकारी और पत्रकार मौजूद रहे।









