कानपुर। शिवराजपुर थाना क्षेत्र में हाईवे पर हुई 4 लाख 31 हजार रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात में पीड़ित का निजी चालक ही मुख्य साजिशकर्ता और मुखबिर निकला। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, आबिद नामक व्यक्ति की गाड़ी को हाईवे पर XUV500 कार से ओवरटेक कर रोका गया था। आरोप है कि इसके बाद शीशा तोड़कर गाड़ी में रखा 4 लाख 31 हजार रुपये से भरा झोला लूट लिया गया था।

जांच के दौरान पुलिस को पीड़ित के चालक आसिफ की भूमिका संदिग्ध लगी। पुलिस का दावा है कि आसिफ ने अपने साथी साहिल और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आसिफ, शिवम, मयंक सैनी, आयुष और अनुज यादव को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को पैसों और नशे का लालच दिया गया था। चालक को दो लाख रुपये देने और लूटी गई कुल रकम का 50 प्रतिशत हिस्सा देने का झांसा देकर वारदात में शामिल किया गया था।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त XUV500 कार, शीशा तोड़ने में इस्तेमाल किया गया डंडा और करीब 1 लाख 19 हजार रुपये की नकदी बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद कार ऋषि सैनी की मां के नाम पंजीकृत है।
पुलिस अब मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आए अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट— विपिन सागर, कानपुर
कैमरामैन— रवि कुशवाह









