हाईवे किनारे कीचड़ में 70 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति, अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोल्हुई। थाना क्षेत्र के गुरचीहा गांव के पास रविवार को हाईवे किनारे कीचड़ में करीब 70 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति पड़े मिलने से इलाके में हलचल मच गई। सड़क किनारे व्यक्ति को पड़ा देख स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर लेखपाल राजेश सिंह ने मामले से कोल्हुई पुलिस को अवगत कराया।

जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से अज्ञात व्यक्ति को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लक्ष्मीपुर भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि अज्ञात व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर था। उसकी हालत ऐसी थी कि वह अपने बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा था। इसी वजह से अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही पुलिस व्यक्ति की पहचान और उसके परिजनों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही पंचायतनामा की कार्रवाई भी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, फिलहाल व्यक्ति की मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह सामने आने की संभावना है। घटना के बाद मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]